SAVE 20260707 174308 scaled श्रीकोलायत में जिला कलक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। जिला कलक्टर श्री निशांत जैन ने मंगलवार को श्रीकोलायत क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागीय कार्यालयों, संस्थानों एवं ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, आधारभूत सुविधाओं तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे तथा आमजन को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध हो, इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

जिला कलक्टर ने पंचायत समिति में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण कर आमजन के कार्य निर्धारित समय में करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने उप जिला अस्पताल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सा कार्मिकों की उपस्थिति एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने कपिल मुनि मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की तथा कपिल सरोवर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने तहसील परिसर स्थित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, विकास अधिकारी तथा तहसीलदार के साथ आमजन की तरह बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए रसोई में स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री के समुचित रखरखाव के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कोलायत पुलिस थाने का निरीक्षण कर मालखाना, कार्यालय एवं स्वागत कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को परिवादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

दौरे के अंतिम चरण में जिला कलक्टर अक्कासर गांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर पहुंचे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर पात्र ग्रामीणों को पट्टों का वितरण किया तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में प्राप्त परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अक्कासर में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बीसीएमओ डॉ. भरत ओझा से विभागीय कार्यों की जानकारी ली तथा पात्र लाभार्थियों को निक्षय किट वितरित की। इस अवसर पर डॉ. कुंदन मेघवाल, श्री राजेश रंगा, श्री लक्ष्मीकांत छंगाणी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share This News