IMG 20251231 100334 बेटी ने की माँ की हत्या, अनुकंपा नियुक्ति के लिए रची साजिश, 7 गिरफ्तार Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट। राजधानी जयपुर की प्रताप नगर थाना पुलिस ने महिला की हत्या की आरोपी मृतका की बेटी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी बलराम उर्फ रवि अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे अनुकंपा नियुक्ति और संपत्ति हड़पने का लालच मुख्य वजह रहा।

पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि 4 जुलाई को भरतपुर निवासी राकेश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन नीरज शर्मा की मौत साधारण सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। शिकायत में मृतका की बेटी आयुषी शर्मा, ससुराल पक्ष और अन्य लोगों पर संदेह जताया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने महिला को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो बरामद की, जिस पर मिट्टी लगाकर नंबर प्लेट छिपाने का प्रयास किया गया था। वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिला।

पुलिस ने पड़ताल करते हुए दौसा, भरतपुर, मथुरा और आगरा में दबिश देकर पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी आकाश ने स्वीकार किया कि उसे सात लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उसने अपने साथियों के साथ करीब एक माह तक महिला की रेकी की और घटना वाले दिन स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी वाहन छोड़कर मोटर साइकिलों से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में मृतका की बेटी आयुषी शर्मा ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद वह अनुकंपा नियुक्ति चाहती थी लेकिन उसकी मां स्वयं नौकरी पर लग गई थीं। इसी कारण उसने ताऊ मोहन शर्मा, चचेरे भाई बलराम उर्फ रवि और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची, ताकि नौकरी और संपत्ति दोनों पर कब्जा किया जा सके। पुलिस ने हत्या की साजिश और वारदात में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।


Share This News