






Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में एक और प्रसूता की मौत हो गई है। पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद रविवार देर रात प्रसूता लाली ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों में भारी आक्रोश है। तीन जुलाई को जनाना अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में लाली का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उपचार के दौरान प्रसूता को कार्डियक अरेस्ट भी आया।

डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन लगातार नाजुक बनी हालत के कारण रविवार देर रात उसकी मौत हो गई। इससे पहले उसके नवजात शिशु की भी जान जा चुकी थी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता रामनिवास कूकना भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बात की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
