SAVE 20260618 223019 जूनागढ़ में गूंजा योग का संदेश, तीन दिन शेष, टैंक पार्क में भी अभ्यास Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय योग दिवस समारोह

बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिले में योग जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी हैं। गुरुवार को राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने जिले की ऐतिहासिक धरोहर जूनागढ़ किले के अंदर एवं बाहर सामूहिक योगाभ्यास कर योग का संदेश दिया। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष शेषमा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में तीन दिन शेष रहने का संदेश देते हुए जूनागढ़ परिसर में ‘3’ की आकृति बनाकर योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़, डॉ. कौशल्या सैनी, डॉ. हरिराम शर्मा, डॉ. इरशाद रफीक तथा डॉ. राजकुमार कुमावत उपस्थित रहे।

1004341067 जूनागढ़ में गूंजा योग का संदेश, तीन दिन शेष, टैंक पार्क में भी अभ्यास Rajasthan News Portal राजस्थान

योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर होगा आयोजन

आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप जिलेभर में विभिन्न जागरूकता, प्रशिक्षण एवं योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

50 दिवसीय योग दिवस काउंटडाउन अभियान जारी

डॉ. पारीक ने बताया कि जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के सभी 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) केन्द्रों, सभी तहसील मुख्यालयों तथा जिला मुख्यालय के विभिन्न पार्कों में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक होगा मुख्य समारोह

डॉ. पारीक ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। योग करने की व्यवस्था की इसके साथ ही जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक (उपखंड) मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।

पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी होंगे विशेष योग कार्यक्रम

डॉ. पारीक ने बताया कि जिले में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस वर्ष पांच प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों को भी योग अभियान से जोड़ा गया है। पिछले वर्ष पुनरासर, देशनोक एवं कोलायत में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस वर्ष मुकाम मंदिर एवं कोडमदेसर मंदिर को भी अभियान में शामिल किया गया है। इन स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालुओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने जिलेवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में योग को अपनाने का आह्वान किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी हेतु सहभागिता कार्यक्रम….
युद्ध टेंक पर योगाभ्यास कर दिया शांति का संदेश…
गायत्री परिवार द्वारा करवाया जा रहा है योगाभ्यास…

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की जिला शाखा गायत्री परिवार ट्रस्ट बीकानेर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सहभागिता कार्यक्रम किये जा रहे है।
गायत्री परिवार ट्रस्टी व मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि गायत्री परिवार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रारंभ वर्ष 2015 से ही जिला स्तरीय कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करता आ रहा है। इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की श्रंखला के तहत हरित योगा के निमित्त पब्लिक पार्क में प्रातःकालीन योगाभ्यास करवाया जा रहा है। गुरुवार को पब्लिक पार्क स्थित युद्ध टेंक पर योगाभ्यास कर वैश्विक शांति का संदेश दिया गया।

योग शिक्षक धनंजय सारस्वत द्वारा प्रोटोकोल के अनुसार चालन शिथिलिकरण अभ्यास, ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, उष्ट्रासन, कपालभाति, भ्रामरी, अनुलोम विलोम का योगाभ्यास तथा ध्यान करवाया जा रहा है। जिसमें बालक, किशोर, युवा एवं वरिष्ठ महिला पुरुष सहभागिता निभा रहे हैं। योगाभ्यास के पश्चात पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा मानसून के समय को देखते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने के संकल्प दिलाये गये।

पोलीथीन की जगह कपड़े के थैले काम में लेने पर बल दिया। पब्लिक पार्क में उपस्थित आमजनों को आगामी 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डाॅ करणीसिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिकाधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। योगाभ्यास में प्रतिभा कुकणा, गरिमा सुथार, शोभा सारस्वत, निलाक्षी सिंह, पूजा लेघा, पवन सियाग, अजयराज साध, मोहित गहलोत, मोहम्मद वाहिद तथा हिमांशु सारस्वत सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागिता निभाई।


Share This News