IMG 20250527 111143 7 मकान की छत गिरने से मची अफरा तफरी Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर जिले के लूणकरणसर के चक 282 आरडी में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक कच्चे मकान की छत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त घर के अंदर एक सात माह की मासूम बच्ची सो रही थी, जो मलबे में दबकर घायल हो गई। बच्ची को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि परिवार के अन्य सदस्य उस समय बाहर काम में लगे हुए थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

लूणकरणसर निवासी हरूनाथ अपने हिस्से पर खेती करते हैं और खेत में बने कच्चे मकान में परिवार सहित रहते हैं। मंगलवार सुबह हुई बारिश के कुछ ही देर बाद अचानक मकान की छत तेज आवाज के साथ ढह गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला।मकान की छत गिरने से घर में रखा सारा सामान—बैड, अलमारी, कुर्सियां, ड्रेसिंग टेबल, कपड़े, बिस्तर, अनाज, इनवर्टर, टीवी आदि—मलबे के नीचे दब गया है। घायल बच्ची को लूणकरणसर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

हरूनाथ ने बताया कि वह खेत से ही अपने परिवार का गुजारा करता है और अब पूरी तरह बेघर हो गया है। मकान की छत गिरने से रहने की जगह तक नहीं बची है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की अपील की है, ताकि वे दोबारा छत बनवा सकें और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें। घटना की सूचना मिलते ही हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे और मौका रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार को सौंपी। अब प्रशासनिक मदद मिलने की उम्मीद की जा रही है।


Share This News