ताजा खबरे
IMG 20230527 154542 67 हीरो, ओकिनावा समेत इन 7 कंपनियों ने किया फर्जीवाड़ा, 469 करोड़ लौटाने होंगे ! Rajasthan News Portal देश
Share This News

Thar पोस्ट, न्यूज। देश की आधा दर्जन से अधिक कंपनियों द्वारा फर्जीवाड़ा करने की बात सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार हीरो इलेक्ट्रिक और ओकिनावा समेत 7 इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनियों ने फेम-2 योजना का लाभ उठाने के लिए फर्जीवाड़ा का सहारा लिया। ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार केंद्र सरकार ने इन कंपनियों को 469 करोड़ रुपये लौटाने का आदेश दिया है। दोषी पाई गई कंपनियों के नाम हीरो इलेक्ट्रिक, ओकिनावा ऑटोटेक, एम्पीयर ईवी, रिवोल्ट मोटर्स, बेनलिंग इंडिया, एमो मोबिलिटी और लोहिया ऑटो हैं। यह है मसला :

केंद्र सरकार ने फेम-2 योजना के तहत नियमों का अनुपालन न करने के बावजूद प्रोत्साहन राशि का दावा करने के लिए हीरो इलेक्ट्रिक और ओकिनावा समेत सात इलेक्ट्रिक दोपहिया विनिर्माताओं से 469 करोड़ रुपये लौटाने को कहा है। सरकार के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि यह राशि न लौटाने की स्थिति में इन सभी कंपनियों को फेम-2 योजना से सात-दस दिन में हटा दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें इस प्रोत्साहन योजना में हिस्सा लेने की भी मंजूरी नहीं दी जाएगी। 

सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों के त्वरित अनुप्रयोग एवं विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2019 से फेम-2 योजना चलाई हुई है। इसके लिए 10,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि आवंटित की गई है। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि का दावा करने वाली सात कंपनियां निर्धारित प्रावधानों के उल्लंघन की दोषी पाई गई हैं। भारी उद्योग मंत्रालय की जांच में पता चला है कि इन कंपनियों ने निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए प्रोत्साहन राशि ली है। 

इस बारे में अधिकारी का कहना है कि जांच में छह कंपनियां आरोपमुक्त हो गईं लेकिन सात कंपनियां मानकों के उल्लंघन की दोषी पाई गई हैं। हम उनसे 469 करोड़ रुपये मांग रहे हैं। उन्हें यह राशि सरकार को लौटानी होगी।’’ सरकार को घरेलू स्तर पर निर्मित उपकरणों के बजाय आयातित उपकरण अपने ईवी उत्पादों में लगाने की शिकायत मिली थी। इस शिकायत के आधार पर जांच की गई थी। अधिकारी ने बताया कि सात में से दो कंपनियों ने प्रोत्साहन राशि ब्याज के साथ लौटाने पर हामी भरी है।


Share This News