Thar पोस्ट, न्यूज। कई दिनों से पानी के लुई तरस रही जनता को अब राहत मिलने लगी है। सोमवार रात पानी छोड़ा गया। बीकानेर सहित राजस्थान के 11 जिलों में अब पेयजल समस्या नहीं रहेगी। मिली जानकारी के अनुसार नहरबंदी खत्म हो गई है। पंजाब के हरिके बेरोज से सोमवार की रात को करीब 8.30 पानी छोड़ दिया गया है जो 27 मई की देर रात को या 28 मई की सुबह बीकानेर पहुंच जाएगा। राज्य के अनेक जिलों में पिछले 65 दिनों से चल रही नहरबंदी सोमवार की रात को खत्म हो गई है। सरहिन्द फीडर पर दिन-रात तेजी से काम होने के कारण कटाव ठीक कर दिया गया और सोमवार की रात को 8.30 बजे पंजाब में हरिके बेरोज से पानी छोड़ दिया गया है जो राजस्थान बॉर्डर आरडी 496 से बिरधवाल हेड पहुंचेगा।
संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन ने बताया कि हरिके बेराज से बीकानेर की दूरी 413 किमी है। सामान्य तौर पर नहर में पानी एक दिन में 80 किमी चलता है। लेकिन, अभी नहर खाली है तो स्पीड तेज रहेगी और रोजाना करीब 100 से 125 किमी की दूरी तय होगी। ऐसे में 27 मई की देर रात को या 28 मई की सुबह तक पानी बीकानेर पहुंच जाएगा। बीछवाल जलाशय से एक दिन बाद पानी शोभासर जलाशय पहुंचेगा। पानी की रेगुलर सप्लाई शुरू होने तक आमजन को किसी भी तरह की परेशानी ना हो, इसलिए पूरी व्यवस्था कर दी गई है। टैंकर से पानी सप्लाई के अलावा अब शहर के वार्डों में पानी की टंकियां भी रखवाई गई हैं। कंट्रोल रूम में रविवार को पानी की 139 शिकायतें आई थीं जो सोमवार को 32 रह गईं। अधिकारियों की मीटिंग लेकर पानी के मुद्दे पर पूरी गंभीरता से काम करने के लिए कहा गया है।
बीकानेर : बीछवाल में 28 मई की सुबह तक और शोभासर जलाशय में 29 मई को
हनुमानगढ़ : 27 मई को सुबह
झुंझुनूं : 28 मई को सुबह
चूरू : 28 मई को सुबह
नागौर : 30 मई को दोपहर
जोधपुर : एक जून की शाम को
बाड़मेर : 30 मई की रात को
जैसलमेर : 1 जून की शाम को
दाे साल और हाेगी नहरबंदी- पंजाब काे तीन साल में 100 किमी नहर ठीक करनी थी, 2 साल में 52 किमी ही हुई
केन्द्र, पंजाब और राज्य सरकार के बीच हुए एमओयू के तहत तीन साल तक 70-70 दिन की नहरबंदी लेकर पंजाब में 100 किलोमीटर नहर दुरुस्त करनी थी। दाे साल में पंजाब ने सिर्फ 52 किलोमीटर नहर ठीक की है। यानी आगे दाे साल और नहरबंदी लेनी हाेगी।