Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी फ़ैल गयी। से होकर बह रही गंभीरी व बेडच नदी का संगम शहर के निकट भोईखेड़ा में है यहां एक मंदिर से होकर नदियों के संगम पर सीढ़ियां बनी हुई हैं। बुधवार सुबह लोगों ने यहां एक युवक और युवती का शव तैरते देखा। इसकी सूचना पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। भोईखेड़ा वार्ड के पार्षद बालूकिशन भोई ने कोतवाली थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। युगल का एक-एक हाथ कपड़े से साथ बंधा हुआ था। ऐसे में इनके प्रेमी युगल होने और प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के शव जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए हैं। परिजनों की रिपोर्ट पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नदी के किनारे ही कुछ दूरी पर एक बाइक भी खड़ी थी जो युवक की बताई गई है। पुलिस ने शहर व आसपास के क्षेत्रों में इसकी शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए। प्राप्त सूचना के आधार पर युवक की शिनाख्त शहर के प्रतापनगर निवासी उदित (19) पुत्र कमलेश के रूप में हुई है। वहीं युवती भी चित्तौड़गढ़ शहर के सेन्थी में रहने वाली बताई है। सूचना पर युवक के बड़े पिता महेश मौके पर पहुंचे और युवक के शव की शिनाख्त की।
युवक मंगलवार दोपहर में बाइक लेकर निकला था। इसके बाद उसका कहीं पता नहीं चल पाया। परिजन भी उसकी तलाश में जुटे हुए थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव नदी से निकलवाकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए हैं। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।