Thar पोस्ट। मौसम का मिजाज राजस्थान में बदला हुआ है। प्रदेश के झुंझुनूं जिले के खेतड़ी में शनिवार सुबह तेज आंधी से बिजली के पोल तक टूट गए, अंधड़ ने जमकर तबाई मचाई। कई पेड़ भी गिर गए। बिजली लाइनें टूटने से कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई है। सुबह करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया। बेकाबू आंधी के कारण क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक पेड़ टूट गए। इसके अलावा बिजली के कई पोल भी टूट गए। कस्बे के एसबीआई बैंक के सामने आंधी के दौरान नीम का एक पेड़ टूट कर सड़क पर गिर गया। जिससे स्टेट हाईवे 13 पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया और सुबह वाहनों की सड़क पर लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से टूटे हुए पेड़ को सड़क से हटवाया जिसके बाद रास्ता साफ हुआ और आवागमन शुरू हो सका।
तेज आंधी के कारण कई बिजली के पोल और लाइनें भी टूट गईं। बुहाना क्षेत्र के गुगन सिंह की ढाणी में जैसलमेर से दिल्ली जा रही बिजली की बड़ी लाइन का पोल भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गया। बिजली कर्मचारी लाइनों को सही करने का काम कर रहे हैं। खेतड़ी और आसपास के क्षेत्र में सुबह करीब तीन बजे से दस बजे तक बारिश हुई। बरसात से सिंघाना कस्बे के मुख्य बाजार और चिड़ावा बाईपास पर पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।