





Thar पोस्ट। बीती रात तेज सर्दी से अनेक जिलों में ठिठुरन रही। पहाड़ों से छुटी बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ा दी है। राजस्थान के शेखावाटी में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे खेतों में ओस जमने के बाद पाला पड़ना शुरू हो गया है। और फसलें प्रभावित हो रही हैं। राज्य के 15 से ज्यादा शहरों का पारा सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। जयपुर में भी इस सीजन पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी जारी रहने की चेतावनी दी है। सीकर का फतेहपुर 1.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। बीकानेर के लूणकरणसर में 3.2, सीकर में 3, नागौर में 3.1, अलवर में 5.4, दौसा में 4.6 और झुंझुनूं में 6.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू, सीकर, झुंझुनूं, नागौर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और अलवर में रातें बेहद ठंडी बनी हुई हैं। सर्द हवा और फीकी धूप के चलते अधिकतम तापमान कई शहरों में 25 डिग्री से नीचे रहा।




