Thar पोस्ट न्यूज। दिग्गज अभिनेता व बीकानेर के पूर्व सासंद धर्मेंद्र की सेहत में तेज़ी से रिकवरी हो रही है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में इलाज करा रहे 89 वर्षीय अभिनेता को लेकर एक राहत की खबर आई है। अब बताया जा रहा है कि अभिनेता की सेहत में पहले से काफी सुधार है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, अभिनेता के बंगले में ही उनका इलाज जारी रहेगा। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर ने पुष्टि की कि धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है क्योंकि परिवार ने उन्हें घर ले जाने का फैसला किया है। अभिनेता को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के बाद अब घर पर ही उनका इलाज किया जाएगा। अभिनेता को एंबुलेंस के जरिए उनके घर भेजा गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इंस्टैंट बॉलीवुड ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये वीडियो शेयर किया है, जिसमें धर्मेंद्र को एंबुलेंस से उनके घर ले जाया जा रहा है। इस खबर से अभिनेता के फैंस बेहद खुश हैं और उनके जल्द से जल्द पूरी तरह ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं।