ताजा खबरे
WhatsApp Image 2025 11 26 at 2.12.22 PM शिक्षा निदेशक श्री जाट ने विभिन्न स्कूलों का किया निरीक्षण, दो शिक्षकों को नोटिस के निर्देश Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज बीकानेर। माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक श्री सीता राम जाट ने बुधवार को विभिन्न विद्यालयों में राज्य स्तरीय समान परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। पलाना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अध्यापक श्री अमित कुमार और उप प्राचार्य श्री राजन कुमार बगेरिया को शैक्षणिक और परीक्षा कार्य को गंभीरता से नहीं लेने और पर्यवेक्षणीय उदासीनता के कारण जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक को दोनों कार्मिकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

पलाना के ही राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। शिक्षा निदेशक श्री जाट ने सभी परीक्षा प्रभारियों और संस्था प्रधानों को पूर्ण गंभीरता और प्रभावी ढंग से कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखें।

समान  परीक्षा में  अनुपस्थित विद्यार्थियों के अभिभावकों से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर उनसे अनुपस्थिति का कारण जानने और सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री किशन दान चारण साथ रहे।

केंद्रीय संचार ब्यूरो की चित्र प्रदर्शनी 6 से, श्री आहूजा होंगे नोडल अधिकारी
बीकानेर। केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर द्वारा 6 से 10 दिसंबर तक महारानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर मल्टीमीडिया वृहद श्रेणी का इंटीग्रेटेड प्रोग्राम चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके लिए नगर निगम उपायुक्त श्री यशपाल आहूजा को नोडल अधिकारी और समन्वयक नियुक्त किया गया है। जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्री आहूजा को कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारण, आयोजन और स्टॉल आवंटन से संबंधित कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, विकास अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारियों को आवश्यक कार्यों के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।

उपभोक्ता मामले विभाग: कंज्यूमर केयर अवार्ड के लिए आवेदन आमंत्रित
बीकानेर। उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा कंज्यूमर केयर अवार्ड योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
संभागीय उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी श्री संदीप गौड़ ने बताया कि उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण, संवर्धन और राज्य उपभोक्ता आंदोलन को जन सहभागिता के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाने के साथ उपभोक्ता जागरूकता संबंधी गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए प्रधानमंत्री की कंज्यूमर केयर अवधारणा को दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री की पहल पर इसकी शुरुआत की गई है।

श्री गौड़ ने बताया कि योजना के अनुसार उपभोक्ता संरक्षण, न्याय, प्रतितोष, प्रचार-प्रसार, अनुसंधान, शोध, नवाचार, प्रकाशन एवं उपभोक्ता शिक्षा क्षेत्र में उपभोक्ता विषयक महत्वपूर्ण नवाचार करने वाले, अधिनियम अथवा नियम का प्रवर्तन एवं क्रियान्वयन, प्रतितोष एवं शिकायत निवारण के लिए उल्लेखनीय प्रयास, उपभोक्ता विषयक अनुसंधान, शोध पत्र, पुस्तक और विषय सामग्री का प्रकाशन, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम से संबंधित प्रवर्तन, जांच, निर्णय, मध्यस्थता, प्रिंट इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से उपभोक्ता जागृति एवं प्रचार-प्रसार करने वाले राज्य के स्थाई निवासी अथवा आमजन, राजकीय कार्मिक, स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन, शिक्षण संस्थान, महिला संस्थान आदि के प्रतिनिधि इस योजना में भाग लेने के पात्र होंगे।
संभागीय उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी ने बताया कि मापदंड पूर्ण करने वाले चयनित राजकीय एवं स्वायत्तशासी श्रेणी के लिए 5 लाख रुपए का एक अवार्ड, संस्थागत श्रेणी के लिए दो लाख रुपए का एक अवार्ड तथा व्यक्तिगत श्रेणी के लिए 51 हजार रुपए के तीन अवार्ड सहित कुल पांच नकद पुरस्कार, ताम्रपत्र एवं प्रशस्ति पत्र पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योजना का संपूर्ण विवरण एवं योजना के तहत आवेदन के लिए गूगल फॉर्म विभागीय वेबसाइट कंज्यूमर अफेयर्स डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय के दौरान किसान भवन के द्वितीय तल पर स्थित संभागीय उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।


Share This News