





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर महाराजा सार्दुल सिंह सर्किल से लेकर कोटगेट, केईएम रोड, सट्टा बाजार, स्टेशन रोड तक यातायात व्यवस्था बदल गई है। रतन बिहारी पार्क को पार्किंग स्थल बनाया गया है। प्रमुख बाजारों में सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी है। केईएम रोड सहित अन्य मार्गों पर ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक और वाहन शोरूम पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी जा रही है। बाजारों में दुकानदारों ने खास ऑफर और फेस्टिव डिस्काउंट देकर ग्राहकों को आकर्षित किया है। अस्थायी दुकानें भी लगी है।





बीकानेर में त्योहारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने शहर के मुख्य बाजारों को नो एंट्री जोन घोषित किया है। कोटगेट, केईएम रोड, सट्टा बाजार, स्टेशन रोड और प्रेमजी प्वाइंट तक बिना पास के कोई वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए रतन बिहारी पार्क, अग्रसेन सर्किल, रेलवे स्टेशन रोड, सार्दुल सर्किल से हेड पोस्ट ऑफिस रोड और अणचाबाई अस्पताल के पास अस्थायी पार्किंग व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। 450 पुलिसकर्मियों की टीम को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। इनमें सिविल वर्दी में जवान भी शामिल हैं जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।