





Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि जल जीवन मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में क्रांति आई है। आज देश भर में करोड़ों परिवारों को नल से जल मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि बीकानेर जिले में भी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को लाभ मिले सके।





श्री गोदारा ने शनिवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास के दौरान यह बात कही। उन्होंने सहजरासर में 5 करोड़ 4 लाख की लागत से जल जीवन मिशन योजना के तहत बने उच्च जलाशय, सहजरासर से धीरेरा स्टेशन तक पाइपलाइन एवं सहजरासर गांव में पानी की पाइपलाइन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन कार्यों की गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए। इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं हो। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को राहत पहुंचाना है। सरकार द्वारा इस दिशा में संकल्पबद्धता से कार्य किया जा रहा है।
श्री गोदारा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में समूचे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं में इजाफा हुआ है। आज गांव-गांव में नई सड़कें बन रही हैं। स्कूलों और अस्पतालों की सुविधाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को अनेक सौगातें दी हैं। आने वाले बजट में भी यहां की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पूर्ण गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
बच्चों को खूब पढ़ाएं, सरकार की ओर से नहीं आएगी कमी
श्री गोदारा ने गारबदेसर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय (मेघवाल मोहल्ला) में 74 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नवीन विद्यालय भवन का शिलान्यास किया। यहीं राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10 लाख की लागत से बने दो कक्षा कक्षों, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 3.60 लाख रुपए की लागत से बने मुख्य द्वार, राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 40 लाख लागत से बने डॉक्टर, नर्स आवास एवं 3.80 लाख लागत से बने मुख्य द्वार का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस साल होने वाली एक लाख सरकारी भर्तियों का कैलेंडर जारी किया है। युवाओं को इन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
विद्युत सुदृढ़ीकरण की मिसाल बना क्षेत्र
खाद्य मंत्री ने आडसर में 3 करोड़ 55 लाख लागत से बने 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विद्युत सुदृढ़ीकरण के मामले में लूणकरणसर समूचे प्रदेश में मिसाल बना है। पिछले दो वर्षों में विधानसभा को 20 जीएसएस स्वीकृत हुए हैं। इनमें से कई बनकर तैयार हो चुके हैं, जिनसे विद्युत सप्लाई शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के किसानों को दिन में बिजली मिलने लगी है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
इस दौरान उन्होंने कालू में पेडो के स्टेडियम में 7 लाख रुपए की लागत से बने वॉलीबॉल मैदान व झूलों का लोकार्पण किया। युवाओं को खेलों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन और मन के लिए खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने ब्राह्मण विकास संस्थान द्वारा आयोजित श्रीमदभागवत कथा में शिरकत की। उन्होंन विकास संस्थान में विधायक निधि 10 लाख रुपए की लागत से तैयार टीन शेड का लोकार्पण किया।
इस दौरान कानाराम गोदारा, कैलाश सारस्वत, प्रकाश नाथ, गणपत दास स्वामी, सदस्य जितेन्द्र गोदारा, बाबूलाल लेघा, मुरारी बेनीवाल, बुधराम चौहान, बिशन नाथ, महेन्द्र सारस्वत, सरवन मूंड, पूर्व पंचायत समिति सदस्य जुगल सिंह, पूर्व सरपंच नथीराम सीवर, अजय गौड़, ओम आजाद, राम कुमार सारस्वत और राधा किशन पारीक सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।