





Thar पोस्ट न्यूज। विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। दिल्ली से होकर उदयपुर घूमने आई फ्रांस की महिला पर्यटक को अपने कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म करने के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने चित्तौड़गढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म के बाद निजी चिकित्सालय में भर्ती महिला पर्यटक की हालत में सुधार है और वह अब खतरे से बाहर बताई जा रही है उदयपुर पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि महिला पर्यटक उदयपुर घूमने के साथ ही विज्ञापन शूटिंग के लिए यहां आई थी। शहर के टाइगर हिल स्थित द ग्रीक फॉर्म एंड रेस्ट्रो कैफे की पार्टी में फ्रांस की युवती से मुलाकात के बाद आरोपी ने मोबाइल कंपनी का विज्ञापन शूटिंग का ऑफर उसे दिया था।





पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आरोपी पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा (29) लोकेशन दिखाने के नाम पर उसे अपने साथ बड़गांव थाना क्षेत्र के सुखेर स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया था। वहीं महिला पर्यटक ने स्वयं एक निजी अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार कराया। अस्पताल द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस वहां पहुंची थी, जिसके बाद यह घटना सामने आई थी।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला सामने आने के बाद आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गईं, जिसमें चित्तौड़गढ़ भेजी गई टीम को सफलता मिली और आरोपी पुष्पराज को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी फिल्मों, टीवी विज्ञापनों, गानों और धारावाहिकों में कास्टिंग का काम करता है। दुष्कर्म पीड़िता महिला पर्यटक निजी अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत में अब सुधार है और वह खतरे से बाहर है।