Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र के रामपुरा बस्ती में मानसिक रूप से एक अस्वस्थ महिला को मोहल्ले के कुछ लोगों ने बिजली के खंभे से बांध दिया और उसके साथ मारपीट भी की। यह महिला बीते कुछ दिनों से मोहल्ले में गाड़ियों के शीशे तोड़ने, घरों में कीचड़ फेंकने और बच्चों को डराने जैसी हरकतें कर रही थी। कॉलोनी में स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गतिविधियों के चलते खासकर छोटे बच्चों और स्कूली छात्रों में भय का माहौल बन गया था। इसी डर के कारण कुछ निवासियों ने मिलकर महिला को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया। हालांकि कुछ देर बाद उसे मोहल्ले वालों ने ही खोल दिया लेकिन घटना के समय महिला अर्धनग्न अवस्था में थी और अब भी उसी हाल में इधर-उधर घूम रही है।
इसकी शिकायत मुक्ताप्रसाद नगर थाने और बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह सागर तक पहुंच चुकी है। मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि वे किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि महिला को किसी सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट कराया जाए, जहां उसका इलाज हो सके।