







Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) में करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। प्रदेश में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जांच के बाद एक डॉक्टर और एक लैब संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलीभगत कर फर्जी जांच रिपोर्ट और परामर्श पर्चियों के जरिए सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया। इस बारे में एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि यह योजना आमजन और सरकारी कर्मचारियों को नि:शुल्क एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, लेकिन कुछ डॉक्टरों और लैब संचालकों की मिलीभगत से इसका दुरुपयोग किया जा रहा था। इसके साथ ही जांच में यह भी सामने आया कि सीकर स्थित बी. लाल लैब के संचालक डॉ. बनवारी लाल उर्फ बी. लाल और एस.के. अस्पताल, सीकर में पदस्थापित डॉ. कमल कुमार अग्रवाल उर्फ के.के. अग्रवाल ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आरजीएचएस योजना में फर्जी क्लेम तैयार किए। एसओजी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आगे कार्रवाई जारी है।




