Tp न्यूज़। कोरोना एडवाइजरी की पालना कड़ाई से नहीं होने के कारण राजस्थान में हालात बिगड़ रहे हैं। आज भी अनेक स्थानों पर लोग बिना मास्क नज़र आ रहे हैं । मध्य प्रदेश, पंजाब, दिल्ली की तरह अब राजस्थान में भी कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन कोरोना के रिकॉर्ड तोड़ केस मिल रहे हैं। बुधवार को भी 24 घंटे के अंदर राज्य में 6,200 पॉजिटिव मिले हैं, जबकि 29 लोगों की जान चली गई। कोरोना के मामले में राजस्थान अब पिछले दो दिनों से मध्य प्रदेश को भी पीछे छोड़ रहा है। हालांकि राज्य सरकार ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। ये परीक्षाएं 6 मई से शुरू होनी थी।
जयपुर में स्थिति लगातार ख़राब हो रही है। यहां बुधवार को 1,325 नए केस मिले हैं। जबकि उदयपुर में 918, जोधपुर 820 और कोटा 646 में भी कोरोना का विस्फोट हुआ। बीकानेर में 194 मिले। राजस्थान में बुधवार को 29 लोगों की मौत हुई है, जो इस दूसरी लहर में सबसे ज्यादा है। राजस्थान में अब कुल मौत की अधिकारिक संख्या 3,008 को पार कर गई। जिलेवार देखें तो अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद और सवाई माधोपुर ऐसे जिले हैं, जहां 100 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। कोरोना पर नियंत्रण के लिए जरूरी है कि किसी से हाथ ना मिलाए। मास्क पहिने और साबुन से हाथ धोएं।