Thar पोस्ट। चुनावी रंगत के बीच कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को टिकट की सूचियां जारी करनी शुरू कर दी। रविवार सुबह तीन राज्यों के लिए 229 प्रत्याशी घोषित किए हैं। इनमें मध्य प्रदेश के लिए 144, छत्तीसगढ़ के लिए 30 और तेलंगाना के लिए 55 प्रत्याशी है।
मध्यप्रदेश :कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस की इस लिस्ट के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। नवरात्रों के पहले दिन कांग्रेस ने ये सूची जारी की है। इससे पहले बीजेपी की अब तक चार प्रत्याशियों की सूची आ चुकी है। कांग्रेस की इस कैंडिडेट लिस्ट में तमाम कांग्रेसी कद्दावरों को टिकट मिले हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।बुधनी से सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने कांग्रेस ने सीरियल में हनुमान का किरदार निभा चुके विक्रम मस्ताल को उतारा है। वहीं नरसिंहपुर में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के सामने लखन सिंह पटेल को टिकट दिया है। इसके अलावा हरदा में कृषि मंत्री कमल पटेल के सामने आर के दोगने को चुनावी मैदान में उतारा गया है तो वहीं इंदौर-1 में कैलाश विजयवर्गीय के सामने संजय शुक्ला को दोबारा से कांग्रेस चुनाव लड़ा रही है।कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह और बेटे जयवर्धन सिंह, दोनो को टिकट दिया है। लक्ष्मण सिंह चाचौड़ा से और जयवर्धन राघौगढ़ से चुनाव लड़ेंगे।