Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान समेत उत्तर भारत मे अभी शीतलहर से निजात नहीं मिलेगी। राष्ट्रीय राजधानी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में गुजरते दिन के साथ शीतलहर की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। अगले चार दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं। दिल्ली में मौसम बेहद सर्द बना हुआ है और आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को कई क्षेत्रों में देर सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी व उत्तर-पश्चिमी हवाओं से लोग ठिठुरते रहे। दिल्ली-एनसीआर में धूप तो खिली, लेकिन सिहरन से कोई राहत नहीं मिली। पंजाब के कई इलाकों में पाला पड़ने की संभावना है। प्रदेश में मोगा सबसे ठंडा रहा और वहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।दिल्ली में रविवार को रात का पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले चार दिनों तक शीतलहर से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी में सोमवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रात के पारे में और गिरावट हो सकती है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।आशंका यह भी है कि लोगों को ठिठुरन भरी ठंड में ही नए साल का जश्न मनाना होगा। बर्फबारी के शौकीन लोगों के लिए निराशाजनक खबर है, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर पर्यटन स्थलों पर इस हफ्ते बर्फ पड़ने की संभावना नहीं है।
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली के रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे है। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई क्षेत्रों में रविवार देर सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। पंजाब के कई इलाकों में आने वाले दिनों तक पाला पड़ने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में धूप तो खिली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते उसमें गर्माहट नहीं महसूस की गई।श्रीनगर और जम्मू क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री गिरकर 4.1 और श्रीनगर में माइनस 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में 31 दिसंबर तक पारे में और गिरावट आ सकती है। चिल्ला कलां के बीच कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेह और कारगिल में भी कई जगह पारा अधिक गिरने से नलों में पानी जम गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार सोमवार को कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर 29 दिसंबर को भी देखने को मिलेगा।