Thar पोस्ट। बीकानेर में एक बार फिर भूकम्प के झटके महसूस किए गए हैं। प्रदेश के बीकानेर जिले में मंगलवार रात 11:36 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर  भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र बीकानेर से 685 किमी पश्चिम में और 10 किमी की गहराई में था। फिलहाल भूकंप से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मंगलवार सुबह हरियाणा के झज्जर जिले में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 2.5 थी और 12 किलोमीटर की गहराई में था। पिछले महीने 28 मई को दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक कई जगहों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र अफगानिस्तान बताया गया था और रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.2 मापी गई थी। जानकारी में रहे कि धरती के अंदर मौजूद प्लेटों के टकराने के कारण भूकंप आते हैं। धरती के भीतर सात प्लेट्स होती हैं जो लगातार घूमती रहती हैं। जब ये प्लेटें किसी जगह पर आपस में टकराती हैं, तो वहां फॉल्ट लाइन जोन बन जाता है और सतह के कोने मुड़ जाते हैं। सतह के कोने मुड़ने की वजह से वहां दबाव बनता है और प्लेट्स टूटने लगती हैं। इन प्लेट्स के टूटने से अंदर की एनर्जी बाहर आने का रास्ता खोजती है, जिसकी वजह से धरती हिलती है।