








Thar पोस्ट। बीकानेर जिले के ग्रामीण अंचल में चुनाव के बाद विवाद भी सामने आ रहे है। जिले में जिला प्रमुख के चुनाव से पहले ही पार्टी का अंदरूनी विवाद अब थाने तक जा पहुंचा है। जिला परिषद वार्ड संख्या 9 से निर्वाचित सदस्य मैना देवी को लेकर शुरू हुए विवाद मामले में नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और कांग्रेस नेता भंवर कूकना के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। निर्वाचित जिला परिषद सदस्य मैना देवी के पति नेमाराम ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नोखा विधायक सुशीला डूडी निर्वाचित सदस्य मैना देवी को अपने साथ ले गईं। परिवाद में विधायक सुशीला डूडी के अलावा बिशनाराम सियाग और भंवर कूकना के नाम भी शामिल हैं। जिला प्रमुख के चुनाव से ठीक पहले तीन प्रमुख कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ गई हैं।





