ताजा खबरे
SAVE 20261121 202352 पीबीएम अस्पताल में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का समापन Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट। नवजात की जान बचाना उपलब्धि, स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी : डॉ. जी.एस. तंवर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम संबद्ध चिकित्सालय समूह के शिशु रोग विभाग में 15 से 21 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह 2026 का शनिवार को समापन हुआ। सप्ताहभर आयोजित शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों में प्रीमेच्योर, गंभीर एवं उच्च जोखिम वाले नवजातों की बेहतर देखभाल, परिवार की सहभागिता, नवजात पुनर्जीवन, प्रारंभिक स्क्रीनिंग तथा एनआईसीयू से छुट्टी के बाद नियमित फॉलोअप पर विशेष जोर दिया गया।

शिशु रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. जी.एस. तंवर ने कहा कि नवजात शिशु का जीवन बचाना चिकित्सा विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन बच्चे का सुरक्षित जीवन (Intact Survival) और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना हमारी वास्तविक सफलता है। केवल जीवित बचाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके समुचित शारीरिक विकास, न्यूरोडेवलपमेंट एवं जीवन की गुणवत्ता को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि एनआईसीयू से डिस्चार्ज होने वाले गंभीर एवं प्रीमेच्योर नवजातों का नियमित फॉलोअप अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें वृद्धि की निगरानी, न्यूरोडेवलपमेंटल असेसमेंट, दृष्टि एवं श्रवण परीक्षण, पोषण परामर्श, टीकाकरण संबंधी मार्गदर्शन तथा किसी भी बीमारी या विकासात्मक समस्या की समय रहते पहचान कर शीघ्र उपचार एवं हस्तक्षेप शामिल हैं। समय पर पहचान और उचित हस्तक्षेप बच्चों को बेहतर विकास एवं स्वस्थ जीवन का अवसर प्रदान कर सकते हैं।

डॉ. तंवर ने कहा कि “नवजात की जान बचाना हमारी उपलब्धि है, लेकिन उसके स्वस्थ विकास और बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। एनआईसीयू से छुट्टी के बाद नियमित फॉलोअप नवजात देखभाल का अभिन्न अंग है।” उन्होंने अभिभावकों की सहभागिता एवं स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयासों को बेहतर नवजात स्वास्थ्य परिणामों की आधारशिला बताया।

इस वर्ष की थीम “नन्हे शिशु, असीम संभावनाएं—उनके सुरक्षित भविष्य के लिए फॉलोअप देखभाल में निवेश करें” के अनुरूप 15 नवंबर को विश्व प्रीमेच्योरिटी दिवस पर प्रीमेच्योर बच्चों एवं उनकी माताओं के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। 16 नवंबर को नवजात देखभाल पर शैक्षणिक वेबिनार, 17 नवंबर को फैमिली पार्टिसिपेटरी केयर के अंतर्गत स्तनपान, कंगारू मदर केयर एवं परिवार की सहभागिता पर इंटरैक्टिव सत्र आयोजित हुआ।

18 नवंबर को पीजी रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए नवजात रोगों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डॉ. संजय ने प्रथम, डॉ. दीपिका बुडानिया ने द्वितीय तथा डॉ. कमला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 19 नवंबर को एडवांस्ड नियोनेटल रिससिटेशन प्रोग्राम (NRP) के नवीन अपडेट पर सत्र तथा 20 नवंबर को जन्मजात, मेटाबॉलिक एवं एंडोक्राइन विकारों की प्रारंभिक पहचान एवं स्क्रीनिंग पर सेमिनार आयोजित किया गया।

समापन दिवस पर डॉ. सात्विक एवं डॉ. गणेश ने एनआईसीयू का क्लिनिकल ऑडिट प्रस्तुत किया, जिसमें नवजातों के उपचार, चिकित्सकीय परिणामों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. मुकेश बेनीवाल, प्रोफेसर डॉ. सारिका स्वामी, प्रोफेसर डॉ. मदन गोपाल चौधरी, डॉ. कुलदीप सिंह बिठू, डॉ. अनिल लाहोटी, डॉ. संजीव चाहर, डॉ. अनुभव चौधरी, डॉ. इंदिरा चौधरी एवं डॉ. कविता सहित विभागीय फैकल्टी, रेजिडेंट चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों ने भागीदारी निभाई।

एनआईसीयू प्रभारी प्रोफेसर डॉ. पवन डारा एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. लक्ष्मण सिद्ध ने बताया कि सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों में प्रीमेच्योर एवं उच्च जोखिम वाले नवजातों की देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं एनआईसीयू टीम का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि “प्रत्येक नवजात को केवल जीवित रहने का नहीं, बल्कि स्वस्थ होकर विकसित होने और अपनी पूरी क्षमता प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए। नियमित फॉलोअप, समग्र देखभाल एवं समय पर हस्तक्षेप ही उनके सुरक्षित भविष्य की कुंजी हैं।”


Share This News