

Thar पोस्ट न्यूज।पहली बार अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को मिल रहा योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ : श्री गोदारा










बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने शुक्रवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की अगुवाई में विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। इसी उद्देश्य के साथ गांवों में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
मंत्री श्री गोदारा ने कहा कि सरकार की विकास नीति का केंद्र अंत्योदय है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार के अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री गोदारा कहा कि वर्तमान में संचालित विकसित भारत जन सेवा अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान के तहत शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
सड़क से लेकर बिजली और स्वास्थ्य तक सुविधाओं का विस्तार
मंत्री श्री गोदारा ने शुक्रवार को मोखमपुरा में मोखमपुरा से राष्ट्रीय राजमार्ग तक 5 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य पर 1 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़क के नवीनीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा कृषि उपज और अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन में भी सहूलियत होगी।
महाजन में विद्युत निगम के सहायक अभियंता कार्यालय एवं चारदीवारी का 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से तैयार कार्य का लोकार्पण किया गया। इससे क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से संबंधित कार्यों के बेहतर संचालन और ग्रामीण उपभोक्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्री गोदारा ने मिठड़िया में 33/11 केवी जीएसएस का शिलान्यास किया गया। जीएसएस के निर्माण से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने तथा वोल्टेज और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं में सुधार की उम्मीद है।
उन्होंने लालेरा में 55 लाख रुपये की लागत से तैयार उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी और उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी।
सड़कों के सुदृढ़ीकरण से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
खानीसर में खानीसर से चकजोड़ तक 3.5 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। इस पर 68 लाख 43 हजार रुपये खर्च हुए हैं। इसके बाद चकजोड़ में चकजोड़ से खानीसर तक 3.5 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया, जिसकी लागत 68 लाख 43 हजार रुपये है। दोनों सड़कों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
श्री गोदारा ने फूलेजी में 25 लाख रुपये की लागत से लाइब्रेरी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। लाइब्रेरी बनने से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को स्थानीय स्तर पर अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
