





Thar पोस्ट न्यूज। आईसीएआई बीकानेर शाखा के अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा ने बताया कि आम नागरिकों में कर जागरूकता बढ़ाने तथा आयकर संबंधी समस्याओं का सरल एवं व्यावहारिक समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईसीएआई बीकानेर शाखा द्वारा 25 एवं 26 जुलाई, 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक आईसीएआई भवन, शिव वैली, जी.एस. रोड, बीकानेर में “टैक्स मित्र – A Step Towards Tax Awareness” अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान दोनों दिन आम नागरिक आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने, आयकर विभाग के नोटिस, AIS/TIS, आयकर में उपलब्ध कटौतियों (Deductions), कैपिटल गेन, टैक्स प्लानिंग तथा आयकर से जुड़े अन्य विषयों पर निःशुल्क परामर्श एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर सीए गौरव अग्रवाल, सीए दिनेश सोनी, सीए हिमांशी राठौड़ एवं सीए दिनेश शर्मा विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहेंगे और आमजन की कर संबंधी समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान करेंगे।
सीए मुकेश शर्मा ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 25 जुलाई को बीकानेर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए नए आयकर प्रावधानों, वर्तमान आयकर रिटर्न फाइलिंग तथा व्यावहारिक कर विषयों पर एक पैनल डिस्कशन आयोजित किया जाएगा। इस चर्चा में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आपसी व्यावहारिक अनुभव साझा करेंगे तथा नए आयकर कानून, रिटर्न फाइलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों एवं प्रोफेशनल चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे।
सीए मुकेश शर्मा ने कहा कि आईसीएआई का उद्देश्य केवल चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में कर जागरूकता बढ़ाना और आम नागरिकों को सही एवं विश्वसनीय कर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी है। इसी सोच के साथ शाखा समय-समय पर ऐसे जनहितकारी अभियान चलाती है, ताकि प्रत्येक करदाता को उसकी समस्या का उचित समाधान मिल सके।
उन्होंने सभी करदाताओं एवं आम नागरिकों से ‘टैक्स मित्र’ अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विशेषज्ञ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से निःशुल्क परामर्श प्राप्त करने की अपील की है।
