Thar पोस्ट। देश के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक शिमला में काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। हालात यह है कि सैलानियों को होटल भी बड़ी मुश्किल से मिल रहे हैं। केवल 2 दिन की बात करें तो यहां 30 हजार के करीब गाड़ियां पहुंची हैं, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति है। गाड़ियां फंसी हुई है। ट्रैफिक कंट्रोल करना काफी मुश्किल हो रहा है। इस बारे में एसपी संजीव गांधी, शिमला ने मीडिया को बताया कि, पिछले 2 दिनों में काफी मात्रा में पर्यटक आए हैं। लगभग 30,000 गाड़ियां शिमला में आई हैं। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए हम भरसक प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए हमने पिछले 2 महीनों से जो प्लानिंग की थी उसके आधार पर काम कर रहे हैं।सड़कें गाड़ियों से भरी पड़ी है। शहर के ज्यादातर होटल भर चुके हैं। इसके बाद भी लोगों का वहां पहुंचना जारी है। ऐसे में पर्यटन कारोबारी तो खुश हैं लेकिन पुलिस प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। गाड़ियां इतनी ज्यादा हैं कि पार्क करने की जगह शहर में नहीं बची है। शिमला में पर्यटकों की इतनी भीड़ तीन दिन लम्बे वीकेंड के चलते हुई है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी सहित आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।