Thar पोस्ट, न्यूज। तेज़ी से लोकप्रिय हुई वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर रेलवे मुख्यालय और जयपुर रेल मंडल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 12 अप्रैल को नई दिल्ली से पीएम ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना करेंगे। जयपुर में रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेलमंत्री, राजस्थान बीजेपी नेता, सांसद, विधायक, रेलवे जीएम और अधिकारी शुभारम्भ कार्यक्रम में शामिल होंगे। वंदे भारत ट्रेन में सिर्फ आमंत्रित सदस्य ही जयपुर से नई दिल्ली जाएंगे रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक ट्रेन की एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1375 रुपये और चेयर कार का किराया 695 रुपये होगा। अभी इस ट्रेन फेयर में कैटरिंग चार्ज और जीएसटी शामिल नहीं है। फिलहाल ऑपरेटिंग विभाग ने ट्रेन के स्टॉपेज शेड्यूल का फाइनल नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अकाउंट्स विभाग और IRCTC इसका कैटरिंग और GST तय करेंगे। इसके बाद किराया निर्धारित होगा।पहले दिन जयपुर से दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन उद्घाटन स्पेशल बनकर चलेगी, क्योंकि इसमें रेलवे की ओर से विशेष आमंत्रित लोग ही यात्रा करेंगे। इनमें जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, रेलवे स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, मिलिट्री स्कूल के स्टूडेंट्स यात्रा करेंगे। इस ट्रेन का कोई फिक्स शेड्यूल तय नहीं है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक यह जयपुर स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। फिर गांधीनगर, दौसा, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी, गुरुग्राम होते हुए दिल्ली जाएगी। यह देश की 14वीं वंदे भारत ट्रेन होगी। मार्च में इस ट्रेन का तीन दिन का ट्रायल हुआ था। तब इस ट्रेन को अजमेर-जयपुर-नई दिल्ली के बीच करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया गया था। यह माना जा रहा है फिलहाल इसी स्पीड से ट्रेन चलेगी। रेलवे पटरी में कुछ सुधार करने, घुमाव और मोड़ को कम करने के बाद ट्रेन की स्पीड 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचाई जाएगी।