Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। रात जैसे जैसे गहरा रही थी वैसे ही एक आवाज लोगों को झूमने पर मजबूर कर रही थी। यहां डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के अंतिम रविवार रात जब मंच पर इंडियन आइडल फेम सलमान अली के ऊंचे अलाप सीधे श्रोताओं के दिलों तक पहुंचे। तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी…, तेरी दीवानी और छाप तिलक जैसे हर दिल अजीज गानों से सलमान ने धूम मचा दी। जैसे ही गुलाबी आंखें जो तेरी देखी शराबी ये दिल हो गया तो युवक युवतियां नाचने लगे। इस बीच सलमान भी स्टेज से नीच भीड़ के आगे आकर गाने लगा। तो दर्शक भी सुर ताल मिलाने लगे।
सलमान ने जब नुसरत फतेह अली खां के मेरे रश्के कमर गाने के सुर छेड़े तो पूरा स्टेडियम झूम उठा। उन्होंने आवारा… और प्यार का पुजारी गाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। लयकारी और अलाप से संगीत की दुनिया में धाक जमा चुके मेवात के सलमान ने दमादम मस्त कलंदर…मैं यमला पागल दीवाना, तेरे मस्त मस्त दो नयन आदि से खचाखच भरे स्टेडियम में तमाम सुनने वालों को सुर मिलाने, तालियां बजाने और नाचने को विवश कर दिया। दिलकश प्रस्तुति से दिलों के तार झंकृत कर दिए। सलमान के छाप तिलक सब छीनी रे मो से नैना मिलाइके… गाया तो लोगों ने उसे हाथों—हाथ लिया और खूब जमकर तालियां बजाते हुए हर लाइन, हर हरकत पर खूब दाद दी। युवाओं का दिल जीतने के साथ ही उन्होंने बॉलिवुड के पुराने गाने गाकर बड़ी उम्र के लोगों के हृदय को भी फतेह कर लिया। इतने पर ही उन्होंने बस नहीं कर पंजाबी सॉन्स से पूरे स्टेडियम को झुमा दिया। इस बीच सलमान ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से साथ मे गाने की विनती की तो वे भी इसे टाल नहीं पाए और तेरे जैसा यार कहाँ गीत की दो पंक्तियां सुनाई। बाद में सलमान का सम्मान किया गया।