


Thar पोस्ट न्यूज। मरीजों को मिलेगी लंबी कतारों से राहत, दवा वितरण व्यवस्था होगी और सुगम

बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए दवा वितरण केंद्र के निर्माण कार्य का सोमवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। सरस वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष श्री मनोज सारस्वत की प्रेरणा से यह दवा वितरण केंद्र भामाशाह श्री दिलीप सारस्वत एवं श्री इम्मीलाल सारस्वत के सहयोग से तैयार करवाया जा रहा है।
भूमि पूजन कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा तथा सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। नए डीडीसी भवन के निर्माण से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दवा प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे दवा वितरण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक होगी।
सरस वेलफेयर सोसायटी पहले भी पीबीएम चिकित्सालय परिसर में दो सुसज्जित दवा वितरण केंद्रों का निर्माण करवा चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन हजारों मरीजों को सुविधाजनक एवं त्वरित दवा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अब सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल में नए डीडीसी का निर्माण इसी सेवा कार्य की अगली कड़ी के रूप में किया जा रहा है।
मरीजों की सुविधा को मिलेगी प्राथमिकता
सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल में विभिन्न गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में ही सुव्यवस्थित दवा वितरण केंद्र उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी। दवा वितरण व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही अस्पताल में अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों को कम करने में भी मदद मिलेगी।
भूमि पूजन के अवसर पर सतपाल गोदारा बिश्नोई, जाकिर छिम्पा, गिरधारी, आदित्य, रेवंतराम तावणिया, शिव प्रकाश सारस्वत, धनराज सारस्वत, डॉ. अजयपाल, नर्सिंग अधीक्षक मधुबाला रावत, मनोज पांडेय, अभिषेक चौधरी, सीनियर फार्मासिस्ट गंगाजल बिश्नोई एवं राजन अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
