


Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान दलों की रवानगी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में बीकानेर नगर के लिए मतदान दलों की रवानगी मंगलवार को होगी। रवानगी से पहले सभी मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के प्रशिक्षण और रवानगी का कार्य निर्बाध तरीके से संपन्न हो, इसके मद्देनजर सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने रवानगी स्थल पर मतदान दलों के कार्मिकों की बैठक व्यवस्था, मतदान सामग्री और ईवीएम वितरण, परिवहन के साथ बैठक, पेयजल व्यवस्था आदि की जानकारी ली।
पहले चरण के लिए 448 मतदान दलों की रवानगी होगी। प्रत्येक दल में एक पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय सहित कुल चार कार्मिकों को शामिल किया गया है। नगर निगम सदस्यों के लिए 9 सितंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक 448 मतदान केंद्रों में मतदान होगा। बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव और सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ प्रभारी श्री हेमेन्द्र नागर ने प्रशिक्षण से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं के बारे में बताया।
इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, जिला निर्वाचन कार्यालय में विशेषाधिकारी सुश्री स्वाति शर्मा, प्रशिक्षु आईएएस श्री मनु गर्ग सहित समस्त रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।
