Thar पोस्ट, न्यूज। एक युवक ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आगे खुद को आग के हवाले कर दिया। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक शख्स ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में मंगलवार को खुद को आग लगा ली, जिसमें वह झुलस गया। पुलिस ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, जिले के थाना क्षेत्र कांट कस्बे में ताहिर (45 वर्षीय) आज दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय आया और उसने अपने ऊपर कोई तरल पदार्थ डालकर आग लगा ली, जिसके बाद आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने आग को बुझाया। इस घटना में पीड़ित के पैर झुलस गए। पुलिस के मुताबिक ताहिर का जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र के नगरिया बहाव निवासी उमेश तिवारी से दो छोटी मालवाहक गाड़ियों की बिक्री के बाद लेन-देन का विवाद है। उधर, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा ”शाहजहांपुर में पिकअप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज न करने से आहत जिस युवक ने एसपी कार्यालय के सामने अपने शरीर में आग लगाई है, उसको तत्काल सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा दी जाए और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए।”