Thar पोस्ट न्यूज। पहाड़ों में बर्फबारी से राजस्थान सहित अन्य राज्यो में झुरझुरी सी मच गई है। समय से पहले ही शीतलहर ने पैर पसार लिए हैं। बता दें कि मौसम विभाग ने राजस्थान में शीत लहर का नया अलर्ट जारी किया था। इसके मुताबिक राजस्थान में 10 दिसंबर से शीत लहर का दौर शुरू होगा। इसकी शुरुआत सबसे पहले चूरू, बीकानेर और सीकर जिले से होगी। इसकी वजह है उत्तर पूर्वी हवाओं में लगातार वृद्धि। लेकिन बीकानेर व सीकर चूरू में सर्दी का असर 8 दिसंबर से ही बढ़ गया है।
मौसम के जानकारों के अनुसार हाल ही के वर्षों में आए बदलाव के चलते राजस्थान में 15 दिसंबर से सर्दी का तेज सितम शुरू होता है लेकिन इस बार 7 दिसंबर से ही सर्दी सताने लगी है। सर्दी का सितम जनवरी व फरवरी में भीषण रहेगा। मार्च के दूसरे सप्ताह व तीसरे सप्ताह से उतार शुरू होगा। इस बार 31 दिसंबर को नव वर्ष पर भीषण सर्दी का आलम रहेगा। तीन दशक या 30 साल पहले की बात करे तो नवंबर में ही सर्दी शुरू हो जाती थी। जो फरवरी तक चलती थी। तब सर्दी की अवधि अधिक थी।