Thar पोस्ट, न्यूज। इस बार राजस्थान में नए साल पर रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री हुई और जमकर जाम छलके हैं। राजस्थान के ही आबकारी विभाग की एक रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 30 और 31 दिसंबर को 1 अरब 11 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री हुई है। प्रदेश में इससे पहले किसी भी नए साल के मौके पर इतनी शराब नहीं बिकी है। 87.82 करोड़ रुपए की अंग्रेज़ी शराब बिकी है,जिसमें से इम्पोर्टेड शराब 35.26 करोड़ की बिकी है। जबकि 19.95 करोड़ रुपए की बीयर है। बाकी आंकड़ा देसी शराब का है। आबकारी सूत्रों के मुताबिक इस साल ईयर एंड पर ये अब तक की सबसे रिकॉर्ड शराब बिक्री रही है। पिछले दो साल से कोरोना की पाबंदियों के चलते ईयर एंड सेलिब्रेशन फीका रहा था। लेकिन इस साल न तो कोरोना का प्रकोप है। न ही किसी तरह की पाबंदियां रही हैं। इसी कारण ईयर एंड नाइट पर जयपुर समेत पूरे राजस्थान में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने-अपने तरीके से जश्न मनाया। इसमें नाच-गाना, अच्छे व्यंजन के साथ शराब भी खूब पी गई।
साल 2019 में 30-31 दिसंबर को 104 करोड़ की शराब बिकी थी
इस रिकॉर्ड बिक्री से पहले राजस्थान में साल 2019 में 104 करोड़ रुपए कीमत की शराब 30 और 31 दिसंबर को गोदामों से बिकी थीं। तब भी जश्न और पार्टी पर किसी तरह की पाबंदी नहीं थी। लोगों ने होटल, रिजॉर्ट, फार्म हाउस, पब, क्लब और घरों , सोसाइटीज़ में जमकर जाम छलकाए थे।