Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में आज प्रतापगढ़ जिले में ओले गिरे। राज्य में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। राजस्थान में होली-धुलंडी पर आंधी व बारिश होने की संभावना है। जयपुर मौसम केन्द्र ने इसके लिए अलर्ट जारी किया है। केन्द्र के अनुसार सोमवार से तीन दिन कई जिलों में बारिश-ओलों के साथ आंधी भी चलने की आशंका है। 9 मार्च से राज्य में मौसम शुष्क होने की संभावना है। वहीं प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी में सोमवार दोपहर बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की है। उदयपुर शहर सहित ग्रामीण अंचल में दोपहर को अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश हुई। झालावाड़ में भी बारिश हुई है।मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक 7 मार्च को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा व उदयपुर संभाग में मौसम बदलेगा और यहां कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती। इस दौरान एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 8 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश-ओलावृष्टि हो सकती है।