Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। इस बार मानसून में तेज़ी है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान की तुलना में दक्षिणी पूर्व राजस्थान में अधिक बारिश के साथ मानसून आ रहा है। बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में भी 29 जून से कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां शुरू होने की सम्भावना है। मौसम विभाग केन्द्र जयपुर के अनुसार हालांकि इस बार मानसून कुछ लेट है, लेकिन भारी बारिश के साथ प्रवेश करेगा। ऐसे में जुलाई के प्रथम सप्ताह में लगातार बारिश का योग बन रहा है और अच्छी बारिश की उम्मीद है। वतर्मान परिस्थितियों की बात करें तो बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं प्रभावी होने से मानसून के आगे बढ़ेगा। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी 3-4 दिनों में मानसून के प्रवेश करने की प्रबल संभावना है।

आगामी तीन दिन भारी बारिश
जून में प्री-मानसून के दौरान कई जिलों में भारी बारिश हुई और औसत बारिश का आंकड़ा कहीं आगे निकल गया। अब फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है और इस बार मानसून के आगमन के साथ ही भारी बारिश होगी। मौसम विभाग की माने तो 28 जून से पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उधर 28 से 30 जून के दौरान दक्षिण पूर्वी भागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी होने की संभावना है।