Thar पोस्ट। राजस्थान में 15 फरवरी के बाद मौसम पलटेगा। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं के चलने से सर्दी का अहसास बना हुआ है। सोमवार रात को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से अधिक और अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया। जयपुर सहित प्रदेशभर के विभिन्न जिलों में आसमान साफ है। अगले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार फिर से मौसम में बदलाव होने की संभावना जताई गई है। कई जगहों पर बादलों की आवाजाही से हल्की बूंदाबांदी के भी आसार है। सुबह-शाम ठंड का असर रहेगा।मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हवाओं के असर कमजोर होने से मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है। दिन में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। राजस्थान-गुजरात की दक्षिणी सीमा के ऊपर चक्रवाती तंत्र (एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सिस्टम बना हुआ है। जिसके असर के कारण उदयपुर संभाग के जिलों में दिन में तेज गर्मी पड़नी शुरू हो गई। बीकानेर में तापमान में वृद्धि हुई है।