Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई जिलों में आज से अगले 6 दिनों तक बारिश के आसार हैं। वहीं विभाग की ओर से प्रदेश के 12 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग की माने तो 9 को भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही 10 जून को उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश हो सकती है। वहीं 11 से 13 जून तक भरतपुर, जयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जोधपुर में अंधड़ के साथ कुछ स्थानों पर छींटे भी गिरे। जिले के बावड़ी क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। मथानिया क्षेत्र के रामपुरा भाटियान गांव में आंधी की वजह से कोल्ड स्टोरेज पर लगी सोलर प्लेटें उखड़ गईं। फलों के कैरेट हवा में कई मीटर दूर जा गिरे। आसपास के ग्रामीण इलाकों में दोपहर बाद बारिश हुई।