Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में महिला वोटर्स प्रतिशत बढ़ा है।इसी साल नवम्बर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले इलेक्शन डिपार्टमेंट ने नए युवा वोटर्स को जोड़ने का बड़ा अभियान प्रदेश में चलाया है। जिसमें करीब 20 लाख नव मतदाता जुड़े है। ये सभी नए वोटर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदान करेंगे। राजस्थान में अब कुल 5 करोड़ 11 लाख 64 हजार 685 रजिस्टर्ड मतदाता हो गए हैं। 

पुरुषों के मुकाबले महिला वोटर्स की बढ़ोतरी ज्यादा : कुल मतदाताओं में 2 करोड़ 44 लाख 72 हजार 600 महिला मतदाता और 2 करोड़ 66 लाख 92 हजार 49 पुरूष मतदाता शामिल हैं। खास बात यह है कि पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन में ज़्यादा बढ़ोतरी हुई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि महिला मतदाताओं की संख्या में 2.52 प्रतिशत और पुरूषों की संख्या में 2.36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 

कुल 2.43 प्रतिशत वोटर बढ़े : 199 विधान सभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन के लिए कुल 38 लाख 64 हजार 426 आवेदन इलेक्शन डिपार्टमेंट को मिले। जिनमें से 21 लाख 15 हजार 887 आवेदन ऑनलाइन आए। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6 में कुल 24 लाख 45 हजार 988 आवेदन पत्र और नाम हटाने के प्रारूप-7 में 7 लाख 93 हजार 361 आवेदन मिले। प्रारूप-6 में जांच के बाद कुल 19 लाख 89 हजार 182 आवेदन-पत्र स्वीकार किए गए। इसी तरह निधन होने वाले, ट्रांसफर होकर क्षेत्र से जा चुके  मतदाताओं के संबंध में प्रारूप-7 के माध्यम से कुल 7 लाख 76 हजार नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए।  राज्य के सरदारशहर विधान सभा क्षेत्र को छोड़कर 199 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 12 लाख 12 हजार 983 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले साल की सूची से 2.43 प्रतिशत ज्यादा है।