Thar post, बीकानेर। यूक्रेन में रहने वाले बीकानेर सहित राज्य भर के विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों की मदद और उन्हें सुरक्षित रूप से भारत लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार तथा राजस्थान फाउंडेशन सतत रूप से प्रयासरत हैं। इनसे संबंधित समस्त सूचनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार द्वारा ई-सूचना पोर्टल लॉन्च किया है। इसे https://home.rajasthan.gov.in और https://rajasthan.gov.in के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है।
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि यदि बीकानेर जिले के विद्यार्थी अथवा अन्य नागरिक यूक्रेन में रहते हैं और वे भारत लौटना चाहते हैं, तो उनके परिजन इस पोर्टल के ई-इंटीमेशन लिंक पर अपनी समूची जानकारी भरकर इसे अपलोड करें। उन्होंने ऐसे परिजनों से भयभीत नहीं होने की अपील की है और कहा है केंद्र और राज्य सरकार के अलावा राजस्थान फाउंडेशन इनकी मदद के लिए सतत प्रयासरत हैं।
श्रीवास्तव हैं नोडल अधिकारी
जिला कलक्टर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त श्री धीरज श्रीवास्तव को विदेश मंत्रालय और यूक्रेन दूतावास से समन्वय रखने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन नंबर 181, टेलीफोन नंबर 0141-2229091/2229111 तथा मोबाइल 8306009838 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त rajfound-rj@nic.in पर ईमेल किया जा सकता है।
जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित
उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इससे संबंधित जानकारी जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0151-2226031 पर भी दी जा सकती है। यह नियंत्रण कक्ष राउंड दा क्लॉक कार्यरत है।

यूक्रेन संकट के बीच प्रदेश भाजपा द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी

Thar post बीकानेर। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण यूक्रेन में रह रहे प्रवासी राजस्थानी एवं विद्यार्थियों की हर संभव मदद के लिए प्रदेश भाजपा द्वारा सोमवार को राज्यस्तरीय हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ।भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने हेल्पलाइन नंबर 08929208080 जारी किए हैं जिसके माध्यम से इस संकटकाल में प्रवासी राजस्थानी एवं विद्यार्थियों को मदद पहुंचाई जाएगी ।जिलाध्यक्ष सिंह ने बताया कि बीकानेर शहर में जिला महामंत्री अनिल शुक्ला (मो-9414138444) को हेल्पलाइन सेंटर के लिए जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है और यूक्रेन में फंसे बीकानेरी प्रवासी और विद्यार्थियों की सहायता हेतु शुक्ला से सम्पर्क किया जा सकता है ।