Thar पोस्ट, बीकानेर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की जिला शाखा गायत्री शक्तिपीठ एवं कल्याणी प्रज्ञा मंडल पवनपुरी के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव का आयोजन बल्लभ गार्डन स्थित आशीर्वाद गार्डन भवन में आयोजित किया जा रहा है।
जिला समन्वयक करनीदान चौधरी ने बताया कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के सूक्ष्म संरक्षण में देव स्थापना एवं मां गायत्री, नवग्रह तथा षोडश मातृका पूजन के साथ 24 कुंडीय गायत्री यज्ञ का शुभारंभ किया गया। शोभा सारस्वत द्वारा शंखनाद किया गया।
प्रत्येक कुंड पर विराजमान 24 मुख्य याजकों द्वारा संकल्पबद्ध होकर राष्ट्रीय धर्म, सामाजिक समरसता तथा जन मंगल के निमित्त गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र, रुद्र गायत्री, दुर्गा गायत्री, प्रखर प्रज्ञा तथा सजल श्रद्धा की विशेष आहुतियां दी गई। इस अवसर पर निशुल्क संस्कार दीक्षा संस्कार, यज्ञोपवित, अन्नप्राशन, विद्यारम्भ, पुंसवन तथा जन्मदिवस संस्कार करवाये गये। जन-जन तक सद्विचार पहुंचाने के लिए 57 महिला-पुरुष ने ज्ञानदूत का संकल्प लिया। उपजोन प्रभारी नीलम शर्मा द्वारा जप-तप अनुष्ठान के लिए 55 महिलाओं को जल-व्रत के संकल्प दिलाये गये। नीलम शर्मा ने बताया कि देश भर में गायत्री जयंती पर प्रारम्भ किये गये वैश्विक जप-तप अभियान में
क्रमिक जल उपवास संकल्प लेने वाला राजस्थान प्रदेश में बीकानेर पहला जिला बन गया है।
प्रमुख यज्ञाचार्य गोपाल स्वामी ने कहा कि व्यक्ति धर्म से राष्ट्र धर्म बड़ा होता है।
24 कन्याओं द्वारा गायत्री चालीसा, महाआरती का संगीतमय सस्वर पाठ किया गया।
सायंकाल सत्र में 1008 दीपों के माध्यम से श्रद्धालुओं द्वारा संगीतमय दीप-यज्ञ किया गया। सैकड़ों दीपमाला से यज्ञ पंडाल जगमगाने लगा।
इससे पूर्व शांतिकुंज हरिद्वार की केन्द्रीय टोली यज्ञाचार्य गोपाल स्वामी, बीरम सिंह तथा फलेन्द्र कुमार का नेमीचंद गहलोत, पवन कुमार ओझा, पिंटु तिवारी, सुल्ताना राम सिद्ध, राधा शर्मा, प्रमिला गंगल तथा धनंजय सारस्वत द्वारा स्वागत किया गया। वहीं गायत्री परिवार की पुर्व ट्रस्टी मधुबाला शर्मा, भागीरथ जांगिड़ तथा वयोवृद्ध सुरेन्द्र शर्मा को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए केन्द्रीय टोली द्वारा विशेष सम्मानित किया गया।

इन्होंने ने किया व्यवस्था सहयोग
यज्ञ एवं संस्कार समारोह में गायत्री परिवार युवा शाखा डिवाइन इंडिया यूथ एशोसियेशन दिया के धनंजय सारस्वत, तरुण कुमार राठी, गोविंद राम केवटिया, राजेश साध, योगिता स्वामी, अन्नु कुमावत, अनीशा बिश्नोई ने व्यवस्था में सहयोग किया।

इनका रहा मार्गदर्शन
कार्यक्रम में सह प्रबंध ट्रस्टी इंजीनियर अमरसिंह वर्मा, जवाहर लाल गंगल, मदनलाल अग्रवाल, देवेन्द्र सारस्वत, जगजीत सिंह, विश्वप्रसाद पारीक, सीमा सिंह, राखी शर्मा, सरला चौधरी, शीला अग्रवाल, रामकुमार चौहान, भारतभूषण गुप्ता तथा राधेश्याम नामा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। ***

बीस हजार वरिष्ठ नागरिक करेंगे निःशुल्क तीर्थ यात्रा’ 10 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 20 हजार वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न तीर्थों की यात्रा करवाई जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल एवं हवाई मार्ग द्वारा निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी।
देवस्थान विभाग के आयुक्त करण सिंह ने बताया कि तीर्थ यात्रा करने के लिए 10 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन देवस्थान विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि रेल मार्ग द्वारा रामेश्वरम- मदुरई, जगन्नाथपुरी, तिरुपति, द्वारकापुरी- सोमनाथ, वैष्णोदेवी-अमृतसर, प्रयागराज- वाराणसी, मथुरा- वृंदावन, जम्मेदशिखर-पावापुरी, उज्जैन- ओमकारेश्वर, गंगासागर (कोलकाता), कामाख्या (गुवाहटी), हरिद्वार- ऋषिकेश, बिहार शरीफ, वेलनकानी चर्च (तमिलनाडु) की यात्रा करवायी जाएगी। हवाई मार्ग द्वारा पशुपतिनाथ-काठमांडू(नेपाल) की तीर्थ यात्रा होगी। यात्रियों के पास जनआधार कार्ड होना अनिवार्य होगा। तीर्थ यात्रा के लिए आवेदक की उम्र 60 वर्ष से अधिक एवं राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक होगा। आयु की गणना 1 अप्रैल 2022 को आधार मान कर की जाएगी।**

लायंस क्लब बीकानेर उड़ान की सत्र 2022-23 की कार्यकारिणी गठित

Thar पोस्ट, न्यूज। लायंस क्लब उड़ान के सदस्यों ने सर्व सम्मति से आने वाले वर्ष की कार्यकारिणी का चुनाव किया। क्लब सचिव लायन जमना व्यास ने बताया कि  क्लब की जनरल बॉडी मीटिंग लायन शारदा पुरोहित की अध्यक्षता में की गई जिसमें आने वाले सत्र की कार्यकारिणी घोषणा व सेवा कार्यो की रूपरेखा सभी सदस्यों की उपस्थिति व सहमति से बनाई गई। लायन शारदा पुरोहित के अनुसार जमना व्यास को अध्यक्ष, कमला नैन को सचिव व आरती तँवर को  कोषाध्यक्ष   मनोनीत  किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया । शारदा पुरोहित, रेणु जोशी व उषा अग्रवाल को उपाध्यक्ष, सुदेश दइया को सह सचिव व नीतू सावनसूखा  को विशेष सचिव, नीलम आचार्य को सह कोषाध्यक्ष, डॉ रजनी हर्ष को प्रोजेक्ट ऑफिसर व सुपरवाइजर, उषा आचार्य को टेमर, निर्मला गोयल को टेलतविस्टर मनोनीत किया गया। लायन सीमा पुरोहित ने बताया कि इन सभी पदों का मनोनयन बोर्ड सदस्यों द्वारा प्रस्तावित  करने के पश्चात जनरल मीटिंग में उपस्थित सदस्यों की सर्व सम्मति से किया गया है। क्लब के प्रत्येक सदस्य को एक एक सेवाकार्य का कन्वेनर नियुक्त किया गया है ।  रीजन चेयर पर्सन लायन उमेश थानवी, रीजन एडमिनिस्ट्रेटर लायन डॉ विजयलक्ष्मी व्यास, डिस्ट्रिक्ट स्पेशल सेक्रेटरी व चार्टर प्रेसीडेंट लायन अर्चना थानवी की उपस्थिति में किया गया। सभा मे सदस्यता व्रद्धि करने व लियो क्लब गठित करने का भी निर्णय लिया गया ।

वरिष्ठ रंगकर्मी बी.एल.नवीन का अभिनंदन- रंगकर्म जीवन से जुड़ी सशक्त विधा है

Thar पोस्ट। नगर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा वरिष्ठ रंगकर्मी बी.एल.नवीन का भावभीना अभिनंदन किया गया । नवीन के कुचीलपुरा स्थित निवास पर आयोजित कार्यक्रम में माल्यार्पण, शॉल, अपर्णा ओढ़ाकर रंगकर्म सेवाओं एवं उपलब्धियों पर चर्चा की गई ।

जेतारण के अति.जिला एवं सेशन न्यायाधीश देव कुमार खत्री के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में शब्दरंग साहित्य एवं कला संस्थान के संयोजक अशफ़ाक कादरी ने कहा कि बीकानेर में 1939 में जन्मे बी.एल.नवीन 1960 से रंगकर्म के क्षेत्र में सक्रिय रहे है । नवीन को उनके सशक्त अभिनय के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार मिले है । मरू नवकिरण सृजन संस्थान के अध्यक्ष डॉ.अजय जोशी ने कहा कि नवीन बीकानेर की रंगयात्रा और इतिहास के साक्षी है जिनके अनुभवों को साझा करने की आवश्यकता है । प्रेरणा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष प्रेमनारायण व्यास ने कहा कि नवीन जी बीकानेर की कला संस्कृति और नाट्यकर्म की महान विभूति है जिनका सम्मान गौरव का विषय है । शब्दरंग के सचिव राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि नवीन जी रंगकर्म के क्षेत्र में अभिनय के साथ अच्छे गायक भी है जिनके स्वरों में सदाबहार गीत सुनने को मिलते है । कार्यक्रम में अभिनंदन से अभिभूत वरिष्ठ रंगकर्मी बी.एल.नवीन ने अपनी रंगकर्म यात्रा को साझा करते हुए कहा कि 1955 में अभिनय सम्राट पृथ्वीराज कपूर साहब अपने दल के साथ बीकानेर पधारे थे । उन्होंने गंगा थियेटर में अपने 5 मशहूर नाटक मंचित किए थे । उस समय मुझे भी प्रेरणा मिली ।  1960 से नेशनल थियेटर से नाटकों में अभिनय शुरू किया । 50 साल अनेक संस्थाओं और निर्देशकों के साथ  काम करने का अवसर मिला । बीकानेर में मुझे जो प्यार और सम्मान मिला वह मेरे लिए बहुत बड़ी पूंजी है ।