





Thar पोस्ट न्यूज। क्या इस बार भी नहरबंदी से लोग परेशान होंगे ? इसका जवाब है -हाँ । पहले गंगनहर बन्द रहेगी। इसके बाद इंदिरा गांधी नहर में भी काम चलेगा। इसका असर राजस्थान के अनेक जिलों में होगा। पंजाब में फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण कार्य के लिए गंगनहर में 21 जनवरी से 24 फरवरी तक पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान किसानों को नहरी पानी की कमी न हो, इसके लिए बीकानेर कैनाल से वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। गंगानगर के जिला प्रशासन की ओर से बुलाई गई बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस व्यवस्था पर पूर्ण सहमति जताई। गंगनहर क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग थी कि फिरोजपुर फीडर को पक्का किया जाए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे गंभीरता से लेते हुए बजट प्रावधान कर पंजाब को 50 करोड़ का अग्रिम भुगतान किया, जिससे यह कार्य संभव हो सका। इसके लिए जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरड़ा को विशेष रूप से भेजा गया। उन्होंने बताया कि बंदी अवधि में खखां हेड पर पुरानी बीकानेर कैनाल से करीब 1500 क्यूसेक पानी उपलब्ध रहेगा। बंदी से पहले हुसैनीवाला से पुरानी कैनाल में पानी का प्रवाह शुरू कर दिया जाएगा और निर्धारित शेयर के अनुसार सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। मेहरड़ा ने जानकारी दी कि पंजाब, मार्च 2026 में इंदिरा गांधी नहर के अपने हिस्से के शेष कार्य करवाएगा। पहले बंदी 5 जनवरी से प्रस्तावित थी, लेकिन राजस्थान की मांग पर इसे 15 और फिर 21 जनवरी तक टाला गया।




