Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में तो सेशन कोर्ट में बनी अस्थाई जेल में ही बदमाशों ने सुरंग खोद डाली। यह सुरंग शातिर बदमाशों ने रातोंरात ही बनाई थी। इस सुरंग के जरिए किसी हाई प्रोफाइल कैदी को छुड़ाने की साजिश को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई रही है, लेकिन समय रहते पता चल जाने पर कैदियों को फिर वहां नहीं लाया गया। कोर्ट परिसर में सुरंग का मामला सामने आते ही पुलिस फोर्स के होश फाख्ता हो गए और वहां हडक़ंप मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दिलचस्प बात तो ये है कि जयपुर की सेशन कोर्ट राजस्थान की सबसे बड़ी सेशन कोर्ट है। जहां तकरीबन 150 अधिक कोर्ट हैं। यहां करीब बीस हजार वकील प्रेक्टिस करते हैं। यहां दिनभर भीड़ भडक्का और पुलिस की आवाजाही रहती है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था भी काफी पुख्ता मानी जाती है, लेकिन इसी कड़ी सुरक्षा और भारी भीड़ वाले सेशन कोर्ट में सोमवार को जो हैरतअंगेज घटना हुई उससे पुलिस सकते में आ गई और उससे कोई जवाब देते नहीं बन रहा है।