





Thar पोस्ट न्यूज। भारी बवाल के बाद नेपाल में व्यवस्था पटरी पर आ रही है। इस बीच जेन जी समूह ने ऐलान किया है कि सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम PM बनेंगी और 6 महीने के अंदर चुनाव करवाकर देश के जेन ज़ी और नेपाल की जनता की पसंद का नया PM चुना जायेगा। नेपाल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान मरने वालो की संख्या बढ़कर 34 हो चुकी है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश भर के अस्पतालों में 1,338 लोगों का इलाज चल रहा है।





नेपाल में अंतरिम सरकार के गठन की कोशिशों के बीच पुलिस ने आम लोगों से खास अपील की है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान लूटे गए हथियारों, वर्दी और अन्य सामग्रियों को आमजनों से जमा करने का अनुरोध किया है। विज्ञप्ति जारी कर पुलिस ने कहा है, “प्रदर्शन के दौरान यदि नेपाल पुलिस सहित अन्य सुरक्षा निकायों के हथियार, संचार उपकरण, वाहन, सामान अथवा अन्य भौतिक संसाधन आपके पास नियंत्रण में आए हैं या कहीं मिले हैं, तो कृपया उन हथियारों सहित अन्य सामग्रियों को स्थानीय पुलिस अथवा सुरक्षा निकाय के कार्यालय, जिला पुलिस कार्यालय, पुलिस कंट्रोल 100, टोल-फ्री नंबर 16600141516 या नेपाल पुलिस प्रधान कार्यालय के संपर्क नंबर 9851293459 पर संपर्क कर वापस करने का अनुरोध किया जाता है।”
आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा नियंत्रण में लिए गए पुलिस की वर्दी आदि का दुरुपयोग न करने और उससे संबंधित सूचनाएं भी उपलब्ध कराने हेतु नेपाल पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया है।”