Thar पोस्ट न्यूज राजस्थान। जैसलमेर जिले के डांगरी गांव में तनाव बना हुआ है। हाल ही में 2 सितंबर की रात खेत में सो रहे सुमेल गांव के किसान खेत सिंह (50) के सिर पर धारदार हथियार से बदमाशों ने वार कर दिए थे। घायल किसान बाड़मेर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। इसके बाद वहां तनाव के हालात बन गए। बताया जाता है कि खेतसिंह ने हिरण का पीछा कर रहे लोगों को रोककर शिकार नहीं करने की हिदायत दी थी। इस पर उन लोगों ने रंजिश रखते हुए खेत सिंह को पीट-पीटकर मार डाला।
हत्या के बाद ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के लोगों की टायर ट्यूब की दुकान में आग लगा दी थी। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात की गई। गांव में बैरिकेडिंग की गई है और ग्रामीणों को घर में रहने की सलाह दी गई है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आपने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर लिखा कि ऐसी घटनाओं का लोकतांत्रिक समाज में कोई स्थान नहीं है। प्रशासन दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करेगा। दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। भाजपा नेताओं ने डांगरी गांव पास ही डांगरा गांव में धरना शुरू कर दिया। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत राम मेघवाल, भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा, पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी समेत कई नेता मौजूद रहे।
स्वरूप सिंह खारा ने मंच से प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आरोपियों के अतिक्रमण तुरंत हटाए जाएं, वरना हम खुद कार्रवाई करेंगे।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा है कि जैसलमेर जिले के फतेहगढ़ उपखंड में स्थित डांगरी गांव में आपराधिक प्रवृति के लोगों द्वारा श्री खेतसिंह भाटी पर किए गए जानलेवा हमले के बाद अस्पताल में श्री खेतसिंह भाटी का निधन हो गया,इस जघन्य हत्याकांड के लिए जिम्मेदार सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही करें |
मेरी प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा जी से अपील है कि इस हत्याकांड के बाद लोगों में भारी आक्रोश है इसलिए आंदोलित लोगो की मांग पर सरकार त्वरित सकारात्मक कार्यवाही करें | ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें व शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें |