Thar पोस्ट। देश मे खेलो की दर्दशा किसी से छिपी नही है। हाल ही में हुई घटना ने सभी को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। उत्तर प्रदेश में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने गए ओडिशा के 18 युवा खिलाड़ियों के साथ बेहद शर्मनाक और अमानवीय व्यवहार का आरोप सामने आया है। इन खिलाड़ियों में 10 लड़के और 8 लड़कियां शामिल थीं, जिन्हें राज्य की ओर से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भेजा गया था। आरोप है कि मास एजुकेशन विभाग की गंभीर लापरवाही के चलते इन खिलाड़ियों के लिए रेलवे की कन्फर्म टिकट तक की व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरी में बच्चों को सामान्य डिब्बे में सफर करना पड़ा। कई खिलाड़ियों को ट्रेन के टॉयलेट के पास बैठकर यात्रा करनी पड़ी, वह भी कड़ाके की ठंड के बीच। छोटे-छोटे बच्चे, जो राज्य का प्रतिनिधित्व करने गए थे, उन्हें न तो ठीक से बैठने की जगह मिली और न ही सुरक्षित व सम्मानजनक यात्रा का माहौल। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खिलाड़ी ट्रेन के शौचालय के पास बैठे नजर आ रहे हैं।