





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों ने सेंधमारी कर एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रूपये का सामान चुरा लिया है। खबरों के मुताबिक वारदात के समय घर वाले बाहर गये हुए थे। सिरोही निवासी जितेंद्र कुमार प्रजापत यहां बेगाणी मोहल्ले में किराए के घर में रहते हैं। मंगलवार को जितेंद्र किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर ताला लगाया हुआ था। जब वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। भीतर जाकर देखा तो घर के कमरों में भी ताले टूटे हुए थे। एक अलमारी में करीब पांच लाख रुपए नगद रखे हुए थे, जो चोर उठाकर ले गया।





जितेंद्र ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना भी किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है। बेगाणी मोहल्ले में लोगों के घरों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक कोई पुख्ता सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिला है,जिसके आधार पर चोर की पहचान हो सके।