





Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। शहर के जय नारायण व्यास (जेएनवी) कॉलोनी क्षेत्र के सेक्टर-1 में पिछले चार दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्र के नलों में पानी नहीं आने से मोहल्लावासी गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं और टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।





स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई बंद थी। इस संबंध में जब मोहल्लावासियों ने पीएचईडी विभाग के एईएन राजेंद्र चौहान से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि पीछे पाइपलाइन में लीकेज और मरम्मत कार्य के चलते जल आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई थी और जल्द ही सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।
हालांकि, विभाग की ओर से पानी चालू किए जाने के बावजूद सेक्टर-1 के कई घरों में पानी नहीं पहुंचा।
शिकायत मिलने पर एईएन राजेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे, जहां जांच में सामने आया कि मरम्मत के दौरान ठीक की गई मुख्य पाइपलाइन को मोहल्ले की सप्लाई लाइन से जोड़ना ही भूल गए थे। इस तकनीकी चूक के कारण जल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्वीकार किया कि अब तत्काल समाधान संभव नहीं है और समस्या का निराकरण अगले दिन ही किया जा सकेगा।