





Thar पोस्ट। बॉर्डर पर राजस्थान की बाड़मेर सीमा पर बीएसएफ ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी युवक को पकड़ा है। युवक रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए भारत की सीमा में घुस आया था और बॉर्डर इलाके में एक पशुओं के बाड़े में छिपकर बैठा हुआ है लेकिन बीएसएफ मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया। शुरुआती पूछताछ में उसके पास कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीर मानकर जांच में जुट गई है। बीएसएफ ने पकड़े गए संदिग्ध युवक से पूछताछ के बाद उसे सेड़वा पुलिस के हवाले कर दिया है।





युवक बॉर्डर के पास जाटों का बैरा गांव में पशुओं के बाड़े में छिपा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे बीएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ा और पूछताछ की। बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के मुताबिक पूछताछ में युवक ने अपना नाम हिंदाल पुत्र बरसा, निवासी नयातला, तहसील छाछरो, जिला मीठी पाकिस्तान बताया है। बीएसएफ द्वारा रिपोर्ट देने पर नियमानुसार विभिन्न एजेंसियों से जेआईसी करवाकर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उसके पास से किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पाकिस्तानी नागरिक ने सीमा पार करके भारतीय सीमा में प्रवेश कैसे किया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उसके पैरों के निशान खोजे जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि वह कितनी दूरी तय करके किस रास्ते से भारत में घुसा ताकि आगे से ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। इससे पहले 8 अक्टूबर को भी बीएसएफ ने भारत-पाक बॉर्डर के जीरो प्वाइंट पर एक पाकिस्तानी नागरिक और उसके 7 साल के बेटे को पकड़ा था।