Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के अजमेर शहर के चूड़ी बाजार स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से करीब 20 दिन पहले दिनदहाड़े चोरी हुए 10 लाख रुपये के सोने के हार की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।
पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो महिलाओं को महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगी बहनें निकलीं। अजमेर उत्तर सीओ रुद्र प्रकाश शर्मा ने रविवार को बताया कि चोरी गया हार अब तक बरामद नहीं हुआ है और पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है। फिलहाल दोनों को बापर्दा रखा गया है। घटना 27 अगस्त की शाम करीब 8 बजे की है। चूड़ी बाजार स्थित एमबी ज्वेलर्स पर बुर्का पहने दो महिलाएं पहुंचीं और दुकान मालिक निखिल सोनी से तीन तोले के बैंगल्स दिखाने की मांग की। उन्होंने पुराने सोने की एवज में नया गहना देने की बात कही और इसी दौरान दुकान मालिक को बातचीत में उलझाए रखा। संदेह होने पर जब उनसे बुर्का हटाने को कहा गया तो उन्होंने धार्मिक रिवाज का हवाला देकर इनकार कर दिया। मौका पाकर दोनों ने मुख्य दरवाजे के फ्रेम पर रखा 92 ग्राम का सोने का हार चुपके से उठा लिया। हार की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गई।