Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान की राजधानी जयपुर के भांकरोटा थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल बाबूलाल बैरवा के आत्महत्या प्रकरण में अब उनकी पत्नी मीना देवी ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। मीना देवी अन्य परिजनों के साथ पिछले 5 दिन से एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठी है। उन्होंने धरना स्थल पर एलान किया कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह धरना स्थल पर ही आत्मदाह करेगी। मीना देवी के समर्थन में विपक्ष भी एकजुट होता नजर आ रहा है।
कांग्रेस नेताओं के बाद सोमवार को धरना स्थल पर सांसद व आरएलपी के संयोजक हनुमान बेनीवाल भी पहुंच गए। बेनीवाल ने कहा कि मृतक बाबूलाल बैरवा ने अपने सुसाइड नोट में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा था कि मुझे और मेरे परिवार को आप न्याय दिलाना। इतनी स्पष्ट बात लिखने के बाद भी बैरवा समाज से आने वाले उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा यहां नहीं आए।